सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में रेलवे विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए केंद्र द्वारा जारी 2911 करोड़ रुपये के बजट पर प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों की तुलना में हिमाचल के लिए रेलवे बजट में लगातार वृद्धि प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रमाण है। हालांकि उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के सहयोग के बावजूद सुक्खू सरकार परियोजनाओं में बाधा डाल रही है और राज्य सरकार अपने हिस्से के काम में सहयोग नहीं कर रही, जिससे रेलवे परियोजनाएं लंबित और महंगी हो रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि राजनीतिक मतभेदों को छोड़कर रेलवे परियोजनाओं को समय पर और नियमानुसार पूरा किया जाए, ताकि हिमाचल में बेहतर रेल कनेक्टिविटी का सपना साकार हो सके। पंचायत चुनाव को लेकर जयराम ठाकुर ने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद 12 में से 10 जिलों में मतदाता सूची प्रकाशित नहीं हो पाई है। उन्होंने सरकार पर चुनाव प्रक्रिया में जानबूझकर देरी करने का आरोप लगाया और पूछा कि क्या यह देरी मुख्यमंत्री की अनदेखी है या उनके अधीनस्थ अधिकारियों की गलती। उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेश और निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अवहेलना कर प्रदेशवासियों के संवैधानिक अधिकारों को प्रभावित किया जा रहा है और सरकार को स्पष्ट रूप से जवाब देना चाहिए।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/leader-of-opposition-jairam-thakur-visitsprogrammes-and-shahpur/
अमेरिका द्वारा भारत पर टैरिफ कम करने के फैसले पर जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कूटनीतिक सफलता को सराहा और इसे भारत–अमेरिका संबंधों में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि 18% तक घटाए गए शुल्क से मेड इन इंडिया उत्पादों की वैश्विक प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, निर्यात को गति मिलेगी और किसानों, उद्योगों, उद्यमियों व युवाओं को नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह समझौता भारत की उत्पादन और कौशल आधारित रोजगार योजनाओं को बल देगा और देश की वैश्विक पहचान को मजबूत करेगा। साथ ही जयराम ठाकुर ने चौपाल से पांवटा साहिब जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस के उत्तराखंड के क्वाणु में दुर्घटना ग्रस्त होने पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दुर्घटना में मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने उत्तराखंड और हिमाचल सरकारों से अनुरोध किया कि वे सभी यात्रियों को हर संभव सहायता और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाएं, ताकि इस दुखद घटना का प्रभाव कम किया जा सके।





















