सिद्धविनायक टाइम्स शिमला। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा के लिए आज शाहपुर विश्राम गृह में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने की। बैठक में उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सड़कों, पुलों और भवनों के निर्माण पर लगभग 90 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जा रही है और इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सड़कों का सेक्शन-वाइज डाटा तैयार किया जाए ताकि भविष्य में योजनाबद्ध तरीके से उपयोग किया जा सके। उपमुख्य सचेतक ने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि बरसात के मौसम में सड़कों को नुकसान न हो और आम जनता को आवागमन में परेशानी न हो।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/board-meeting-revises-tender-technical-feb-cr/
उन्होंने यह भी बताया कि कुछ सड़कें जो वर्षों से लंबित थीं, उन्हें वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पूरा किया गया है। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र के लोगों को समय पर लाभ मिल सके। बैठक में लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता विकास सूद ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी, जबकि अधीक्षण अभियंता बी.एस. ठाकुर ने उपमुख्य सचेतक के निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर कई वरिष्ठ अधिकारी और क्षेत्र के विभिन्न मंडलों के अभियंता भी उपस्थित रहे।





















