पालमपुर में भाजपा की विशाल युवा आक्रोश रैली, रोजगार के मुद्दे पर सुक्खू सरकार को घेरा
पालमपुर: कांग्रेस सरकार की कथित युवा विरोधी नीतियों और युवाओं से किए गए रोजगार के वादों को लेकर भाजपा संगठनात्मक जिला पालमपुर युवा मोर्चा ने मंगलवार को पालमपुर में विशाल युवा आक्रोश रैली निकाली। रैली में बड़ी संख्या में भाजपा युवा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कांगड़ा-चंबा लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज और भाजपा हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर विशेष रूप से मौजूद रहे।
रैली का शुभारंभ रोटरी भवन पालमपुर से हुआ। भाजपा कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए रैली के रूप में भाजपा संगठनात्मक जिला कार्यालय पालमपुर पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ रोष जताते हुए युवाओं से जुड़े रोजगार के मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा।
चार लाख नौकरियों का हिसाब दे सरकार: राजीव भारद्वाज
रैली को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने सुक्खू सरकार पर युवाओं से किए गए रोजगार संबंधी वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश के युवाओं से हर वर्ष एक लाख नौकरियां देने का वादा किया था।
भारद्वाज ने कहा कि सरकार के कार्यकाल को पौने चार वर्ष होने जा रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस को करीब चार लाख नौकरियों के अपने वादे का हिसाब प्रदेश की जनता और युवाओं को देना चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि विधानसभा के मौजूदा सत्र के बचे हुए दिनों में पिछले पौने चार वर्षों के दौरान प्रदेश के युवाओं को दिए गए रोजगार का पूरा ब्योरा सार्वजनिक किया जाए। साथ ही नौकरियों को लेकर श्वेत पत्र जारी किया जाए, ताकि प्रदेश के युवाओं को वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके।
‘पालमपुर से गूंजा शंखनाद, पूरे प्रदेश में पहुंचेगी आवाज’
भाजपा सांसद ने कहा कि भाजपा ने रोजगार के मुद्दे पर सरकार को पर्याप्त समय दिया और करीब साढ़े तीन वर्ष तक इंतजार किया, लेकिन अब युवाओं के सवालों को लेकर भाजपा सड़क पर उतर रही है। उन्होंने कहा कि पालमपुर में हुआ युवा आक्रोश रैली का शंखनाद प्रदेश सरकार के खिलाफ युवाओं के बढ़ते आक्रोश का प्रतीक है और यह आवाज अब पूरे हिमाचल प्रदेश में गूंजेगी।
रोजगार के मुद्दे पर गरजे त्रिलोक कपूर
भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने भी रोजगार के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा सरकार से अपने रोजगार संबंधी वादों का हिसाब मांग रहा है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले युवाओं को लेकर बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन अब सरकार को उन वादों पर जवाब देना चाहिए।
रैली में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनी शुक्ला सहित भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा ने स्पष्ट किया कि युवाओं के रोजगार और सरकार के चुनावी वादों को लेकर पार्टी का विरोध आगे भी जारी रहेगा।


















