पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर के वर्तमान सांसद अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की मौजूदा कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। शुक्रवार को हमीरपुर के परिधि गृह पहुंचे अनुराग ठाकुर ने विभिन्न पंचायतों से आए प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और ‘नॉऊ फॉर क्लाइमेट’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। इस दौरान मीडिया और जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार सत्ता में सिर्फ सुख भोगने के लिए आई है और उसे जनता के सुख-दुख से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि अगर विपक्ष कार्यशैली पर सवाल उठाता तो अलग बात थी, लेकिन खुद कांग्रेस के ही उपाध्यक्ष ने ‘अटैचियों’ की बात कहकर अपनी ही सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है। अनुराग ठाकुर ने कड़े शब्दों में सवाल किया कि ये अटैचियां कौन दे रहा है और कहां से आ रही हैं, इसका जवाब प्रदेश सरकार के नुमाइंदों को जनता को देना ही होगा।
राजनीतिक हमलों के साथ-साथ सांसद ने पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन पर भी गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मौसम और पर्यावरण में हो रहे अविश्वसनीय बदलाव बेहद चिंताजनक हैं, क्योंकि ग्लेशियर लगातार पिघल रहे हैं जिससे समुद्र का जलस्तर बढ़ रहा है और अब मानसून का भी सही ढंग से अनुमान नहीं लग पा रहा है। पर्यावरण की स्थिति अब पहले जैसी नहीं रही है, इसलिए इसे बेहतर बनाने के लिए बड़े पैमाने पर पौधारोपण की सख्त जरूरत है। उन्होंने देश के 140 करोड़ वासियों से भावुक अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक अधिक से अधिक पेड़ लगाकर पर्यावरण को संरक्षित करने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

















