चंडीगढ़, 6 जून:
पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने 6 जून को सिख इतिहास का सबसे पीड़ादायक और दुर्भाग्यपूर्ण दिन करार दिया है। नई दिल्ली प्रवास के दौरान ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब में मत्था टेकने के बाद उन्होंने तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा श्री अकाल तख्त साहिब पर किए गए हमले को सिख कौम की सामूहिक चेतना और धार्मिक भावनाओं पर गहरी चोट बताया। ढिल्लों ने कहा कि इस दुखद दौर में प्राणों की आहुति देने वालों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने गुरु साहिब के चरणों में नतमस्तक होकर विश्वभर के सिखों की चढ़दी कला और सर्वजन के कल्याण की अरदास की। भाजपा अध्यक्ष ने युवा पीढ़ी को अपने गौरवमयी इतिहास और पूर्वजों के बलिदानों से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि इतिहास को याद रखना इसलिए आवश्यक है ताकि ऐसे दर्दनाक अध्याय भविष्य में कभी न दोहराए जाएं।





















