कुल्लू, 06 जून: अवैध शराब के परिवहन, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए राज्य कर एवं आबकारी विभाग कुल्लू द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में कुल 45 पेटी अवैध शराब बरामद की गई है। उपायुक्त राज्य कर एवं आबकारी मनोज डोगरा ने बताया कि यह कार्रवाई विभाग की विशेष टीम द्वारा की गई जिसमें सहायक आयुक्त फूल चन्द राणा, सहायक अधिकारी पंकज राणा, राकेश कुमार, सुरेश कुमार शर्मा, मुख्य आरक्षी देश राज, आरक्षी अशोक कुमार और खीमा राम शामिल रहे। टीम ने पहली कार्रवाई में तलोगी के समीप एक कार से 18 पेटी देशी शराब, 2 पेटी अंग्रेजी शराब और 3 पेटी बीयर सहित कुल 23 पेटी शराब पकड़ी, जबकि दूसरी कार्रवाई में रामशिला स्थित एक टिन शेड से 12 पेटी देशी शराब, 1 पेटी अंग्रेजी शराब और 9 पेटी बीयर सहित कुल 22 पेटी शराब जब्त की। विभाग ने बरामद शराब को मौके पर कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम 2011 की धारा 39 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मनोज डोगरा ने कहा कि विभाग अवैध शराब के कारोबार को रोकने और राजस्व की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे, साथ ही उन्होंने जनता से अवैध शराब की सूचना साझा कर सहयोग करने की अपील की है।
— प्रिया शर्मा, कुल्लू


















