कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू की लगवैली के खलाड़ानाला में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ नदी में डूब रहे अपने दोस्त की जान बचाते हुए एक २५ वर्षीय युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान निखिल कुमार पुत्र श्री कमल किशोर, निवासी गांव हवाई, तहसील भून्तर के रूप में हुई है। वह अपने दोस्तों के साथ शिरढ़ मेले से वापस लौट रहा था। वापसी के दौरान सभी दोस्त खलाड़ानाला के पास लगवैली नदी में नहाने के लिए रुक गए। नहाते समय निखिल का एक दोस्त नदी के गहरे पानी में डूबने लगा, जिसे संकट में देख निखिल उसे बचाने के लिए गहरे पानी में कूद गया। निखिल ने अपने साथी को तो सुरक्षित बचा लिया, लेकिन नदी के तेज बहाव और अत्यधिक गहराई होने के कारण वह खुद पानी में डूब गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और परियोजना कर्मचारियों ने तुरंत निखिल को नदी से बाहर निकालकर क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सदर कुल्लू थाना की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाया है। चिकित्सीय रिपोर्ट के अनुसार मृत्यु का कारण पानी में डूबने से सांस रुकना पाया गया है। मामले में कोई संदिग्ध परिस्थिति सामने नहीं आई है और पुलिस नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में ला रही है।













