दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा कुल्लू के रथ ग्राउंड, ढालपुर में 30 मई से 5 जून तक भव्य श्री राम कथा का आयोजन किया जा रहा है, जिसका समय प्रतिदिन सायं 4 से 7 बजे तक रहेगा। इस भव्य आयोजन के उपलक्ष्य में सिद्ध श्री रघुनाथ मन्दिर, सुल्तानपुर से एक विशाल मंगल कलश यात्रा निकाली गई, जो सरवरी और लोअर ढालपुर से होते हुए कथा स्थल तक पहुंची। यात्रा का शुभारम्भ भगवान रघुनाथ जी के छड़ीबरदार महेश्वर सिंह और दानवेंद्र सिंह ने सपरिवार पूजन करके किया, जबकि करमचंद ठाकुर ने परिवार सहित कलश स्थापना पूजन में भाग लिया। इस यात्रा में साध्वी गार्गी भारती, साध्वी सोनिया भारती, साध्वी श्वेता भारती और साध्वी विष्णु अर्चना भारती विशेष रूप से उपस्थित रहीं। यात्रा के दौरान 201 सौभाग्यवती महिलाओं ने मंगल कलश धारण किए और युवाओं ने नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण तथा गौ सेवा जैसे सामाजिक संदेशों के स्लोगन हाथ में ले रखे थे, जिससे पूरा वातावरण सनातन धर्म के जयकारों से राममय हो गया। स्थानीय जनता ने पुष्प वर्षा और प्रसाद वितरण कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। इस अवसर पर स्वामी धीरानंद जी ने कहा कि संस्थान विश्वभर में सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए ऐसे कार्यक्रम करता है और हम सभी को सनातनी होने पर गर्व होना चाहिए



















