ओमान तट के पास तेल टैंकर पर हुए हमले में हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला के हरेटा गांव के 23 वर्षीय नाविक आदित्य शर्मा की मृत्यु हो गई है। वह पोत पर डेक कैडेट के तौर पर तैनात थे और अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। जहाज पर सवार कुल 24 क्रू सदस्यों में से 21 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, लेकिन दुर्भाग्यवश आदित्य सहित 3 भारतीय नाविकों की इस हादसे में जान चली गई।
इस दुखद खबर के मिलते ही आदित्य के घर और पूरे गांव में मातम का माहौल है। उनके चाचा संजीव लखनपाल ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और सांसद अनुराग सिंह ठाकुर से आदित्य के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द घर लाने की गुहार लगाई है। साथ ही परिवार ने मांग की है कि हमले के समय आदित्य क्या कर रहे थे, इसकी पूरी जानकारी दी जाए। आदित्य के दादा अशोक कुमार ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है कि खतरे के बावजूद शिप के कप्तान को आगे बढ़ने की अनुमति किसने दी थी, ताकि दोषियों पर कार्रवाई की जा सके।




















