हमीरपुर के जोलसप्पड़ में निर्माणाधीन डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज के काम में हो रही देरी को लेकर सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा कि ₹300 करोड़ का यह बड़ा प्रोजेक्ट करीब 10 साल बीत जाने के बाद भी पूरा नहीं हो पाया है, जबकि इसके मुख्य भवन 2 साल पहले ही बनकर लगभग तैयार हो चुके हैं। इसके बावजूद अब तक यहाँ न तो ओपीडी सेवा शुरू हो सकी है और न ही 600 छात्रों की कक्षाएं लगाई जा सकी हैं।
अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि साल 2017 में आधारशिला रखे जाने के बाद तत्कालीन वीरभद्र सिंह की कांग्रेस सरकार ने इसके लिए जमीन नहीं दी, जिससे काम में देरी हुई। उन्होंने वर्तमान कांग्रेस सरकार को भी घेरते हुए कहा कि काम को लगातार लटकाया जा रहा है और इस रुकावट के असली दोषियों का नाम जनता के सामने आना चाहिए।



















