ऊना।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शुक्रवार को जिला ऊना के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के एकदिवसीय प्रवास पर पहुंचे। इस अवसर पर स्थानीय विधायक विवेक शर्मा की अगुवाई में अधिकारियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। अपने प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र कुटलैहड़ के अघलौर में 10 मेगावाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजना का शिलान्यास किया और इसे 6 महीने में मुकम्मल करने के निर्देश भी जारी किए।
इस मौके पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाना प्रदेश सरकार का एकमात्र लक्ष्य है सौर ऊर्जा को लेकर सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का मुख्य कारण अक्टूबर से लेकर मार्च तक हर साल प्रदेश सरकार द्वारा खरीदी जाने वाली बिजली है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने गोविंद सागर झील के किनारे अंदरोली में पर्यटन विकास की संभावनाओं को खोजने के लिए भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को निशाने पर लेते हुए कहा कि पूर्व सरकार ने 5 वर्ष तक प्रदेश का भट्टा बिठाए रखा। उन्होंने कहा की जयराम सरकार बनाने के फोबिया से ग्रस्त हो चुके हैं, लगातार मिल रही हार के बावजूद वह सरकार बनाने के दावे इसी फोबिया से ग्रस्त होकर कर रहे हैं।