सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश के डिजिटल टेक्नोलॉजीज एंड गवर्नेंस विभाग को नई दिल्ली में आयोजित 6वें गवर्नेंस नाउ डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन समिट एंड अवॉर्ड्स में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किए जाने पर बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पहल ‘हिम परिवार’ को डिजिटल तकनीक के प्रभावी उपयोग के माध्यम से शासन प्रणाली को सशक्त बनाने और जनसेवाओं की दक्षता बढ़ाने के लिए सराहा गया है।
उन्होंने कहा कि यह पहल परिवार आधारित नागरिक-केंद्रित डेटाबेस के निर्माण में सहायक सिद्ध हुई है, जिससे पात्र लाभार्थियों की सही पहचान सुनिश्चित होती है और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इसे तकनीक आधारित, समावेशी और पारदर्शी शासन की दिशा में राज्य सरकार की मजबूत प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया तथा विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी डिजिटल गवर्नेंस को और मजबूत करने की आशा व्यक्त की।





















