हमीरपुर। जिला हमीरपुर में तीन चरणों में आयोजित होने वाली पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकाय निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त हमीरपुर गन्धर्वा राठौर ने जानकारी दी कि चुनावों के सुचारू संचालन और आदर्श आचार संहिता के दौरान मिलने वाली शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए जिला पंचायत अधिकारी कार्यालय में एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इस जिला स्तरीय कंट्रोल रूम की कमान उपायुक्त हमीरपुर के सहायक आयुक्त चिराग शर्मा को सौंपी गई है, जिन्हें इसका प्रभारी नियुक्त किया गया है।
उपायुक्त ने बताया कि यह कंट्रोल रूम निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान महत्वपूर्ण सूचनाओं के आदान-प्रदान और आचार संहिता के पालन में एक अहम भूमिका निभाएगा। चुनावों को पारदर्शी बनाने के लिए सभी उप-मंडलों में स्ट्रांग रूम भी तैयार कर लिए गए हैं जिनका निरीक्षण कार्य पूरा हो चुका है। इसके साथ ही नगर निकाय चुनावों के लिए ईवीएम मशीनों को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए सहायक निर्वाचन अधिकारी स्तर पर चुनावी रिहर्सल भी करवाई जा रही है।
प्रशासन के अनुसार, यह कंट्रोल रूम 24 मई को मतदान दलों की रवानगी से लेकर 31 मई को मतगणना की समाप्ति तक दिन-रात काम करेगा ताकि पूरी प्रक्रिया निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।


















