धर्मशाला। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कांगड़ा के सचिव आर. मियूल शर्मा ने एक पत्रकार वार्ता के दौरान जानकारी साझा करते हुए बताया कि सुप्रीम कोर्ट में लंबे समय से लंबित मामलों के त्वरित और प्रभावी निपटारे के लिए आगामी 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष अदालत में मुख्य रूप से उन मामलों को प्राथमिकता दी जाएगी जिनमें दोनों पक्षों की आपसी सहमति और सुलह के माध्यम से समाधान की संभावना है।
सचिव ने बताया कि “समाधान समारोह 2026” अभियान के तहत अप्रैल माह से ही राज्य, जिला और तहसील स्तर पर प्री-सेटलमेंट और मध्यस्थता बैठकों का दौर शुरू किया जा चुका है। इन बैठकों में प्रशिक्षित मध्यस्थों और अधिवक्ताओं की मदद ली जा रही है ताकि ज्यादा से ज्यादा मामलों का निपटारा हो सके। इस प्रक्रिया की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि पक्षकार व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के साथ-साथ वर्चुअल माध्यम से भी जुड़ सकते हैं, जिससे दूर-दराज के क्षेत्रों के लोगों को भी सुविधा मिलेगी।
इच्छुक पक्षकार इस लोक अदालत का लाभ उठाने के लिए 31 मई 2026 तक सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट या निर्धारित गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए सुप्रीम कोर्ट के वन स्टॉप सेंटर के दूरभाष नंबरों 011-23116464, 011-23116465 और 011-23112428 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा सीआरपी निदेशक से भी 011-23225652 पर जानकारी ली जा सकती है।

















