धर्मशाला।
हिमाचल प्रदेश में मॉनसून की एंट्री के बाद अब डराने वाली तस्वीरें सामने आने लगी हैं। प्रशासन की सख्ती के बावजूद लोग नदी-नालों में उतरने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला प्रदेश के कांगड़ा जिले का सामने आया है। कांगड़ा में स्थित एक खड्ड में फंसे हुए छह लोगों का वीडियो सामने आया है। हालांकि सूचना मिलने के बाद इन सभी लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया, लेकिन लोग अब भी प्रशासन की अपील को नजरअंदाज कर रहे हैं।
आज जो मामला सामने आया है वह कांगड़ा की बनेर खड्ड का है। यहां पर कुछ सैलानी गर्मी से राहत पाने के लिए खड्ड में उतर गए, लेकिन इस बीच पानी का स्तर एकाएक बढ़ गया और करीब छह सैलानी बीच भंवर में फंस गए। बाद में मामले की सूचना प्रशासन को दी गई और फिर कड़ी मशक्कत के बाद इन सभी को बचाया गया। बताया जा रहा है कि ये लोग पास ही किसी मंदिर में माथा टेकने आए थे।