धर्मशाला। नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा ने अपना विजन डॉक्यूमेंट और संकल्प पत्र जारी कर चुनावी बिगुल फूंक दिया है। पार्टी ने धर्मशाला को आधुनिक, सुव्यवस्थित और वैश्विक स्तर के पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने का मास्टर प्लान पेश किया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं विधायक सुधीर शर्मा ने संकल्प पत्र जारी करते हुए कहा कि यह केवल घोषणा पत्र नहीं, बल्कि शहर के कायाकल्प का विजन है।
संकल्प पत्र के मुख्य आकर्षणों में शहर की पार्किंग समस्या को हल करने के लिए 22 स्मार्ट पार्किंग का निर्माण, 24 घंटे निरंतर पेयजल आपूर्ति और जल संरक्षण के लिए छोटे बांधों का निर्माण शामिल है। भाजपा ने यातायात को सुगम बनाने के लिए चरान खड्ड से भागसूनाग तक फनिकुलर ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट शुरू करने का भी बड़ा वादा किया है। इसके साथ ही कचहरी अड्डा और कोतवाली बाजार के पुनर्विकास, ई-टैक्सी सेवा और जॉगिंग ट्रैक के माध्यम से शहर के सौंदर्यकरण पर जोर दिया गया है।
पार्टी ने युवाओं के लिए फुटबॉल अकादमी और स्टार्टअप इनक्यूबेशन सेंटर के साथ-साथ महिलाओं के स्वरोजगार के लिए ‘एमसी को-ऑपरेटिव ग्रिड’ बनाने का प्रस्ताव रखा है। वहीं, शहर में बढ़ते नशे पर लगाम लगाने के लिए भाजपा ने धर्मशाला को ‘ड्रग मुक्त शहर’ बनाने का संकल्प लिया है। विधायक सुधीर शर्मा ने स्मार्ट सिटी परियोजनाओं में धन के दुरुपयोग का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस और वर्तमान निगम प्रशासन पर तीखे हमले किए और सत्ता में आने पर जांच करवाने की बात भी कही। शहर की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी नेटवर्क को और मजबूत करने का आश्वासन दिया गया है।





















