बैजनाथ, 12 मई (ओमनी डिगी): उपमंडलाधिकारी बैजनाथ संकल्प गौतम ने आज खड़ानाल और आसपास के क्षेत्रों में जल शक्ति विभाग द्वारा चलाई जा रही पेयजल योजनाओं और सीवरेज कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आम जनता की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय के भीतर पूरा किया जाए।
एसडीएम ने खड़ानाल क्षेत्र में बिछाई जा रही पाइप लाइन के कार्य का बारीकी से निरीक्षण किया और जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से इसकी रिपोर्ट ली। उन्होंने निर्देश दिए कि पाइप लाइन को सुरक्षित और उपयुक्त स्थानों पर बिछाया जाए ताकि भविष्य में सड़क मार्ग और यातायात प्रभावित न हो। साथ ही, उन्होंने उतराला वाया मलघोटा वैकल्पिक मार्ग को दुरुस्त करने और तंग स्थानों को चौड़ा करने के भी आदेश दिए।
वहीं, पपरोला से उतराला मार्ग पर चल रहे सीवरेज कार्य में देरी पर कड़ा संज्ञान लेते हुए एसडीएम ने संबंधित ठेकेदार को एक सप्ताह के भीतर काम पूरा करने की डेडलाइन दी। उन्होंने कहा कि सड़क मार्ग को जल्द बहाल किया जाए ताकि स्थानीय लोगों और यात्रियों को आवागमन में कोई असुविधा न हो।





















