मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, वैश्विक नेतृत्व और सुरक्षा में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता राकेश शर्मा ने धर्मशाला से एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के सफल कार्यकाल को ऐतिहासिक करार दिया है। उन्होंने कहा कि 26 मई 2014 को शपथ लेने वाले पीएम मोदी अब लगातार तीसरे कार्यकाल में देश का नेतृत्व कर रहे हैं और देश के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्रियों की सूची में शामिल हो गए हैं।
शर्मा ने बताया कि भाजपा इस उपलक्ष्य में देशभर में एक विशेष अभियान चलाएगी जिसके माध्यम से सरकार की 22 बड़ी उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। इस कार्यकाल के दौरान देश ने पहली बार गरीब कल्याण और बुनियादी ढांचे के अभूतपूर्व विकास को एक साथ जमीन पर उतरते देखा है। सरकार की सबसे बड़ी कामयाबियों में डिजिटल इंडिया, डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी), मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, आत्मनिर्भर भारत और राष्ट्रीय सुरक्षा शामिल हैं।
उनके अनुसार साल 2014 का लोकसभा चुनाव सिर्फ सत्ता परिवर्तन का नहीं बल्कि एक मजबूत और निर्णायक सरकार चुनने का था। इस दौरान न केवल देश की सेना पहले से अधिक मजबूत हुई है बल्कि सैनिकों का मनोबल भी बढ़ा है। पीएम मोदी ने पिछले 12 वर्षों में अपने कोर वैचारिक और विकास से जुड़े संकल्पों को पूरा किया है और भाजपा ने हमेशा अपने संकल्प पत्र में विकास के साथ-साथ उन सभी राष्ट्रहित के मुद्दों को प्रमुखता से जगह दी है जो दशकों से देश की राजनीति में लंबित पड़े थे।




















