धर्मशाला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार 13 जून को होने वाले भारत और अफगानिस्तान के वनडे मैच की सफलता के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुराग ठाकुर ने HPCA पदाधिकारियों के साथ खनियारा स्थित भगवान इंद्रुनाग के दरबार में विशेष पूजा-अर्चना की। हाल ही में इस मैदान पर आईपीएल के तीन और एक क्वालीफायर मैच का सफल आयोजन हुआ था, जिसके बाद अब इस अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह है। धर्मशाला की खूबसूरत वादियों में होने वाले इस मैच की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा कि इस स्टेडियम ने हिमाचल के पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा किए हैं। पूजा के अवसर पर HPCA के उपाध्यक्ष विजय भंडारी, सचिव मनुज शर्मा, कोषाध्यक्ष विक्रम ठाकुर, संयुक्त सचिव विशाल शर्मा और पूर्व सचिव अवनीश परमार सहित कई सदस्य मौजूद रहे।

















