धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने 13 जून 2026 को होने वाली टीईटी (TET) परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। दरअसल इसी दिन धर्मशाला में भारत और अफगानिस्तान के बीच एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच आयोजित होने जा रहा है, जिसके कारण धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों में भारी यातायात बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए बोर्ड ने अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है।
शेड्यूल के अनुसार, 13 जून को टीजीटी (आर्ट्स) टीईटी परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगी, जबकि टीजीटी (मेडिकल) टीईटी परीक्षा उसी दिन दोपहर 02:00 बजे से शाम 04:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। विशेष रूप से धर्मशाला मार्ग से जुड़े परीक्षा केंद्रों जैसे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बालिका) धर्मशाला, मटौर, शाहपुर और दाड़ी में परीक्षा देने वाले छात्रों को अपनी यात्रा की एडवांस प्लानिंग करने और संभव हो तो एक दिन पहले ही धर्मशाला पहुंचने का सुझाव दिया गया है। डॉ. शर्मा ने सभी परीक्षार्थियों से अपने प्रवेश पत्र और जरूरी दस्तावेज साथ लाने की अपील की है और बेहतर तालमेल के लिए परीक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करने का आग्रह करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।





















