बिलासपुर, 29 मई: स्कूल शिक्षा निदेशालय हिमाचल प्रदेश द्वारा प्रदेश भर में शारीरिक शिक्षा अध्यापकों (जॉब ट्रेनी) के 130 पदों को बैच आधार पर भरा जा रहा है, जिनमें जिला बिलासपुर के 10 पद भी शामिल हैं। जिला के इन 10 पदों के लिए आगामी 3 और 4 जून को उप-निदेशक स्कूल शिक्षा (प्रारम्भिक) बिलासपुर के कार्यालय में काउंसलिंग प्रक्रिया आयोजित की जा रही है।
इस बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए उप-निदेशक स्कूल शिक्षा (प्रारम्भिक) बिलासपुर अरुण गौतम ने बताया कि जिला बिलासपुर के कुल 10 पदों में से 5 पद सामान्य अनारक्षित श्रेणी, 1 पद ईडब्ल्यूएस श्रेणी, 1 पद ओबीसी अनारक्षित तथा 3 पद अनुसूचित जाति अनारक्षित श्रेणी से भरे जा रहे हैं। इन पदों के लिए विभाग द्वारा बैच भी निर्धारित कर दिए गए हैं, जिसके तहत अनारक्षित सामान्य श्रेणी के लिए 31 दिसम्बर 2005 तक का बैच, ईडब्ल्यूएस श्रेणी के लिए 31 दिसम्बर 2006 तक का बैच, अन्य पिछड़ा वर्ग अनारक्षित श्रेणी के लिए 31 दिसम्बर 2007 तक का बैच तथा अनुसूचित जाति अनारक्षित श्रेणी के लिए 31 दिसम्बर 2007 तक के बैच के उम्मीदवार ही पात्र माने जाएंगे।
उन्होंने आगे बताया कि उपरोक्त बैच से सम्बन्धित किसी अभ्यर्थी का नाम अगर सम्बन्धित रोजगार कार्यालय द्वारा विभाग को नहीं भेजा गया है, लेकिन उसका नाम रोजगार कार्यालय में पहले से पंजीकृत है, तो ऐसे अभ्यर्थी भी निराश न हों। वह सभी अभ्यर्थी आगामी 4 जून 2026 को दोपहर 2:00 बजे से लेकर शाम 5:00 बजे तक काउंसलिंग प्रक्रिया में सीधे भाग ले सकते हैं।
उप-निदेशक ने स्पष्ट किया कि इस काउंसलिंग प्रक्रिया में केवल वही अभ्यर्थी भाग लेने के पात्र होंगे जो शारीरिक शिक्षा शिक्षक के भर्ती एवं पदोन्नति नियम 10 जनवरी 2011 के मानदंडों को पूरी तरह पूरा करते हैं। इस भर्ती के संबंध में अन्य सभी विस्तृत जानकारी और जरूरी फॉर्म स्कूल शिक्षा विभाग की आधिकारिक वैबसाइट
https://ddhebilaspurhp.edu.in पर उपलब्ध करवा दिए गए हैं। इसके अलावा यदि किसी अभ्यर्थी को कोई और जानकारी चाहिए, तो वह किसी भी कार्यदिवस पर सुबह 10:00 बजे से लेकर शाम 5:00 बजे तक कार्यालय के दूरभाष नम्बर 01978-222589 पर संपर्क कर सकता है।
















