विधानसभा की कार्यवाही देखने पहुंचे ऑकलैंड स्कूल और HPU के छात्र, पठानियां बोले—युवाओं की लोकतंत्र में रुचि शुभ संकेत
शिमला: ऑकलैंड स्कूल शिमला तथा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग के छात्र-छात्राओं ने बुधवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही का अवलोकन किया। इससे पहले विद्यार्थियों ने कौंसिल चैंबर के बाहर विधानसभा अध्यक्ष पठानियां से मुलाकात की और संसदीय प्रणाली, संवैधानिक व्यवस्था तथा विधानसभा अध्यक्ष के पद की भूमिका को लेकर संवाद किया।
विद्यार्थियों ने विधानसभा अध्यक्ष से संसदीय प्रणाली, संविधान, सदन के संचालन, मंत्रिमंडल की शक्तियों और विधायिका की कार्यप्रणाली से जुड़े कई सवाल पूछे। अध्यक्ष ने विद्यार्थियों के सवालों का विस्तार से जवाब देते हुए उन्हें संसदीय लोकतंत्र की कार्यप्रणाली से अवगत करवाया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह सुखद है कि आज के युवा और छात्र संसदीय प्रणाली एवं संसदीय प्रक्रिया को समझने के लिए विधानसभा की कार्यवाही देखने में रुचि ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं और विद्यार्थियों की लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति यह रुचि देश के लोकतंत्र के लिए सकारात्मक संकेत है।
पठानियां ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा लोकतंत्र के प्रमुख संस्थान हैं, जहां से देश और प्रदेश की दिशा तय होती है। संविधान के तहत कानून बनाने का अधिकार संसद और विधानसभाओं को प्राप्त है। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि लोकसभा और विधानसभा के सदस्यों का चुनाव जनता द्वारा प्रत्यक्ष मतदान से किया जाता है, जबकि राज्यसभा और विधान परिषद के सदस्यों का निर्वाचन अप्रत्यक्ष रूप से होता है।
उन्होंने बताया कि लोकसभा और विधानसभा का कार्यकाल सामान्यतः पांच वर्ष होता है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में 68 विधायक हैं, जबकि प्रदेश से लोकसभा के चार और राज्यसभा के तीन सदस्य हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यार्थियों से कहा कि आज का बालक कल का नेता है और आने वाले समय में देश व प्रदेश की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और संसदीय परंपराओं को समझने के साथ-साथ जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि देश की आजादी और नागरिकों को मिले अधिकार उनके संघर्ष और कुर्बानियों का परिणाम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सदन की कार्यवाही के बारे में जानकारी दी और भविष्य में भी विधानसभा की कार्यवाही देखने के लिए आमंत्रित किया।















