शिमला (23 मई): हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को लेखक निरंजन देव शर्मा द्वारा लिखित उपन्यास ‘बाज़ार’ के द्वितीय संस्करण का औपचारिक विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने इस साहित्यिक कृति की सराहना करते हुए इसे समकालीन इतिहास और समाज को प्रतिबिम्बित करने वाला एक बेहद महत्वपूर्ण योगदान बताया।
यह उपन्यास वर्ष 1971 से लेकर 1992 तक की महत्वपूर्ण सामाजिक और राजनीतिक घटनाओं पर आधारित है। पुस्तक के लेखक निरंजन देव शर्मा कुल्लू जिले के मूल निवासी हैं और उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) तथा जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU), नई दिल्ली से पूरी की है।
इस अवसर पर शिमला में आयोजित विमोचन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, आधार प्रकाशन के निदेशक देश निर्मोही और लेखक की धर्मपत्नी प्रतिमा शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
















