धर्मशाला: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा ने धर्मशाला में एक पत्रकार वार्ता के दौरान हिमाचल प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने सरकार पर जनता विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस को आने वाले चुनावों में जनता इसका करारा जवाब देगी। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सरकार ने बिजली सब्सिडी को पूरी तरह बंद किया, तो भाजपा प्रदेश भर में व्यापक आंदोलन छेड़ेगी।
संजय शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश में सबसे ज्यादा बिजली का उत्पादन करने वाला राज्य है, इसके बावजूद वर्तमान कांग्रेस सरकार जनता को मिल रही 130 यूनिट की बिजली सब्सिडी को बंद करने जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के बिजली विभाग के कर्मचारी आम जनता को स्मार्ट मीटर लगाने के लिए मजबूर कर रहे हैं, जो पूरी तरह से जनहित के खिलाफ है। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बसों में महिलाओं को मिलने वाली किराए की छूट पर बात करते हुए शर्मा ने कहा कि सरकार ने अब इसके नियम बदल दिए हैं और अब महिलाओं को इस छूट का लाभ लेने के लिए नए कार्ड बनवाने पड़ रहे हैं, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि कांग्रेस सरकार को इन फैसलों का नतीजा आने वाले समय में भुगतना पड़ेगा और जनता चुनाव में इसका जवाब देगी।



















