कांग्रेस प्रवक्ता पुनीत मल्ली ने एक कार्यक्रम के दौरान केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए जनता पर महंगाई का अत्यधिक बोझ डालने का आरोप लगाया। मल्ली ने कहा कि देश पहले से ही आसमान छूती तेल की कीमतों से त्रस्त था, ऐसे में केंद्र सरकार ने आज पेट्रोल और डीजल के दामों में और बढ़ोतरी कर आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस बढ़ोतरी से ट्रांसपोर्ट किराया, सब्जी और किराना समेत सभी रोजमर्रा की चीजें महंगी होंगी, जिसका सीधा और गंभीर असर आम नागरिक की जेब पर पड़ेगा।
गैस सिलेंडरों के बढ़ते दामों ने खोली भाजपा के दावों की पोल, छोटे व्यापारी परेशान
पुनीत मल्ली ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार से तुलना करते हुए कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 500 रुपये से भी कम थी। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने कीमतों में लगातार बढ़ोतरी कर जनता के भरोसे को पूरी तरह तोड़ा है। मल्ली ने आगे कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों के दाम बढ़ने से छोटे दुकानदार, रेहड़ी-फड़ी वाले और बड़े होटल-रेस्टोरेंट संचालक भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं, जिससे उनका व्यापार ठप होने की कगार पर है।
नगर निगम चुनाव में झूठ परोस रही भाजपा; धर्मशाला में पर्यटन बढ़ाना सुक्खू सरकार की प्राथमिकता
स्थानीय राजनीति पर बात करते हुए मल्ली ने नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा पर कड़ा तंज कसा। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने नेताओं को सिर्फ झूठ बोलना सिखाती है और उसके नेता तथ्यों पर आधारित बहस करने से कतराते हैं। वहीं, कांग्रेस सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में धर्मशाला में पर्यटन को बढ़ावा देना सरकार की मुख्य प्राथमिकता है और इसके लिए सरकार पूरी तरह वचनबद्ध है। मल्ली ने दावा किया कि जनता कांग्रेस की नीति और नीयत दोनों को अच्छी तरह जानती है, इसलिए आगामी नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत तय है।





















