पालमपुर: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पालमपुर नगर निगम चुनाव को लेकर मोर्चा संभाल लिया है। कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार को धार देने के लिए मुख्यमंत्री ने पालमपुर में एक विशाल रोड शो निकाला, जिसमें स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों का भारी उत्साह देखने को मिला। पूरा शहर कांग्रेस के झंडों और गगनभेदी नारों से गूंज उठा। चुनावी माहौल के बीच मुख्यमंत्री के इस शक्ति प्रदर्शन में हर वार्ड से भारी संख्या में जनता और युवा कार्यकर्ता शामिल हुए, जिनसे सुक्खू ने कांग्रेस उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। पार्टी सिंबल पर हो रहे इस निगम चुनाव में कांग्रेस ने अपनी पूरी संगठनात्मक ताकत झोंक दी है।
चुनावी प्रचार के बीच मुख्यमंत्री विकास कार्यों की समीक्षा करना भी नहीं भूले और उन्होंने निर्माणाधीन पालमपुर हेलीपोर्ट के स्थल का औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने मौके पर उपस्थित लोक निर्माण और पर्यटन विभाग के उच्च अधिकारियों से निर्माण कार्य की वर्तमान प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि गुणवत्ता से समझौता किए बिना इस महत्वाकांक्षी परियोजना को तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी साफ किया कि इस हेलीपोर्ट के चालू होने से कांगड़ा घाटी में हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी और स्थानीय पर्यटन व्यवसाय को एक नई गति मिलेगी। कांग्रेस सरकार के इस आक्रामक प्रचार और विकास कार्यों की जमीनी समीक्षा से पालमपुर का सियासी पारा पूरी तरह गरमा गया है





















