कुल्लू। बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र शौरी ने तीर्थन घाटी प्रवास के दौरान लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से मुलाकात की। इस बैठक में उन्होंने क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। विधायक सुरेंद्र शौरी ने मंत्री के समक्ष बंजार लोक निर्माण मंडल के अंतर्गत PMGSY-III के तहत निर्माणाधीन सड़कों की धीमी प्रगति पर चिंता व्यक्त की और कार्यों में तेजी लाने का आग्रह किया ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को समय पर बेहतर सड़क सुविधाएं मिल सकें। इसके साथ ही उन्होंने PMGSY-IV के अंतर्गत स्वीकृत नई सड़क परियोजनाओं पर जल्द से जल्द कार्य आरंभ करने की मांग उठाई। विधायक शौरी ने NH-305 सहित क्षेत्र की अन्य सड़कों पर चल रहे टारिंग कार्यों में गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने का भी आग्रह किया ताकि लोगों को टिकाऊ एवं बेहतर सड़क सुविधाएं मिल सकें।



















