हिमाचल प्रदेश के आयुष एवं खेल विभाग मंत्री यादविंदर गोमा ने हमीरपुर सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक जीते हुए निर्दलीय पंचायत प्रधानों और उप-प्रधानों को जबरन शाल और टोपी पहनाकर उन्हें अपना बताने की गलत राजनीति कर रहे हैं और फिजूल ही जीत का श्रेय ले रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के आरोपों पर पलटवार करते हुए गोमा ने दावा किया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त है और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अभियान चलाकर चिट्टे और नशे के कारोबार पर सख्त लगाम लगाई गई है। शिमला में हुई गोलीबारी की घटना का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस पर बेहद कड़ा संज्ञान लिया है। इसके अलावा युवाओं को बड़ी राहत देते हुए मंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश सरकार जल्द ही आयुष विभाग में बैच-वाइज भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रही है, और खेल एवं युवा सेवाएं विभाग में भी आउटसोर्स के माध्यम से नई भर्तियां की जाएंगी ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।





















