कुल्लू जिला में पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित प्रधानों और उपप्रधानों के लिए एक भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने सभी विजयी प्रधानों और उपप्रधानों को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए उनसे ग्रामीण विकास और जनकल्याण के लिए समर्पित भाव से काम करने का आह्वान किया। उन्होंने विकास कार्यों में पारदर्शिता और गति लाने पर विशेष बल दिया।
इस अवसर पर पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने और ग्रामीण स्तर पर लोकतंत्र को जमीनी रूप देने को लेकर विस्तृत चर्चा भी हुई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विभिन्न वक्ताओं ने कहा कि संविधान के 73वें संशोधन के माध्यम से पंचायतों को प्रशासनिक, वित्तीय और विकास संबंधी कई महत्वपूर्ण अधिकार मिले हैं। वर्तमान में पंचायतें ग्रामीण विकास, पेयजल, सिंचाई, सड़क, स्वच्छता और जनहित के कार्यों में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
इस भव्य समारोह में जिला प्रशासन कुल्लू के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय विधायकगण, जिला परिषद अध्यक्ष, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि और कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। शपथ ग्रहण समारोह के सफल समापन के बाद मुख्य अतिथि सहित सभी उपस्थित अतिथियों और लोगों ने पारंपरिक कुल्लवी ‘धाम’ का भी भरपूर आनंद लिया।





















