29 दूरस्थ शिक्षा कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन जुलाई से आरंभ होंगे। 7 जुलाई से पुराने विद्यार्थियों तथा 15 जुलाई से नए विद्यार्थियों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी।
चंडीगढ़, 15 जून 2026: पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ के सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) ने सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। पंजाब विश्वविद्यालय की वाइस चांसलर प्रो. रेनू विग ने आज सीडीओई का प्रवेश प्रॉस्पेक्टस 2026-27 तथा इंडियन जर्नल ऑफ डिस्टेंस एजुकेशन (आईजेडीई) के 2023 और 2024 के संस्करण जारी कर दिए हैं।
सीडीओई प्रवेश प्रॉस्पेक्टस 2026-27 पंजाब विश्वविद्यालय की वेबसाइट puchd.ac.in पर उपलब्ध है। इस प्रॉस्पेक्टस में सीडीओई द्वारा संचालित कार्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, पात्रता मानदंड, छात्र सहायता सेवाओं तथा शैक्षणिक सुविधाओं संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई है।
प्रॉस्पेक्टस जारी करने के समारोह में डीन यूनिवर्सिटी इंस्ट्रक्शन (डीयूआई) प्रो. मीनाक्षी गोयल, निदेशक अनुसंधान प्रो. सविता गुप्ता, रजिस्ट्रार प्रो. वाई. पी. वर्मा, ड्यूल डिग्री समिति के अध्यक्ष प्रो. रजत संधीर, सीडीओई के निदेशक प्रो. हर्ष गंधार, इंडियन जर्नल ऑफ डिस्टेंस एजुकेशन (आईजेडीई) की संपादक प्रो. शीना पाल, प्रो. ममता गर्ग, शैक्षणिक सचिव डॉ. पूर्वा मिश्रा तथा प्रशासनिक सचिव डॉ. अनिल कुमार उपस्थित रहे।
सीडीओई ने विभिन्न शिक्षार्थियों तथा कार्यरत पेशेवरों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कुल 29 कार्यक्रमों की पेशकश की है। इनमें चार स्नातक कार्यक्रम शामिल हैं जिसमें बैचलर ऑफ आर्ट्स (बी.ए.), राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के अंतर्गत बैचलर ऑफ कॉमर्स (बी.कॉम.), बैचलर ऑफ लाइब्रेरी एंड इन्फॉर्मेशन साइंस (बी.लिस.) तथा बैचलर ऑफ एजुकेशन (बी.एड.)। बी.एड. कार्यक्रम को राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) द्वारा मान्यता प्राप्त है।




















