मंडी।
अपने हिमाचल के दो दिवसीय चुनावी दौरे के दौरान नितिन गडकरी ने कहा कि सड़कें अच्छी होगी तभी हम विकास के मापदंडों पर खरा उतर पाएंगे। आज तीन गुना से ज्यादा संख्या में लोग चारधाम देख रहे हैं तो इसका कारण मात्र चारधाम प्रोजेक्ट के अंतर्गत बने 12,000 करोड़ के विश्वस्तरीय हाई-वे हैं। जिस कारण तीर्थाटन व पर्यटन को बढ़ावा मिला है, अच्छी सड़कें स्वास्थ्य शिक्षा रोजगार स्वच्छ जल यह विकास के कुछ मूल है जिसपर हमारी सरकार 10 सालों से कार्य कर रही है। आज हमारी सरकार ने देश को कश्मीर से कन्याकुमारी तक विश्वस्तरीय सड़कों के माध्यम से जोड़ दिया है। इससे देश के नागरिकों के संसाधनों का बचाव हो रहा है, साथ ही किसी भी राष्ट्र के विकास में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका उस देश की सड़कों पर निर्भर करता है।
गडकरी ने कहा कि आज हमारी सरकार ने ग्रीन हाईवे, ग्र्रीन कोरीडोर जैसे विचार इस विकास यात्रा में राष्ट्र को सर्म्पित किए है। हिमाचल में भी बड़े स्तर पर हाइवे, रोपवे व केबल कार जैसे बड़े प्रोजेक्ट बनाए जा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी की सरकार हिमाचल के लोगों को समृद्ध एंव संपन्न बनाना चाहती हैं। हिमाचल प्रदेश को अच्छी सड़कें देना चाहती है। हम हिमाचल के नागरिकों को अच्छी आय के साधन प्रदान करना चाहते हैं और पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देना चाहते हैं। लेकिन यह सब आपकी वोट की ताकत से ही संभव है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना भाजपा की देन है और देश के 6.50 लाख में से 4.50 लाख गांवों को इस योजना से जोड़ा गया था। हिमाचल में भी 45,000 किलोमीटर में से 20,000 किलोमीटर की सड़कें इसी योजना के अंतर्गत बनी। आज हिमाचल में 1 लाख करोड़ के काम जारी हैं। हमने हिमाचल को बड़ी योजनाएं जैसे किशाऊ बांध, रेणुका जी बांध व लखवाड़ बांध जैसी बड़ी योजनाओं के साथ भी जोड़ा और अन्य राज्यों के साथ चल रहे संघर्षों को भी खत्म करने का प्रयास किया। आज देश का किसान 16 लाख करोड़ का बायो ईंधन बना रहा हैं। किसान मात्र अन्नदाता नहीं बल्कि ऊर्जादाता, ईंधनदाता भी बन रहा है। इलेक्ट्रॉनिक वाहनों से आज देश की दिशा बदल रही है। पंजाब हरियाणा में पराली से सीएनजी बनाने का काम विदेश में हो रहा है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का उद्देश्य गरीबों की सेवा करना है। आज देश हाथ से खींचने वाले रिक्शे को खत्म कर ई-रिक्शा की तरफ आगे बढ़ हैं। हमने देश में इलैक्टिक ट्रैक्टर व इथानॉल ईंधन से चलने वाले वाहनों का विचार देश को दिया। आज देश में लगभग डेढ़ करोड़ ई-रिक्शा चल रहे हैं। यही हमारी संवेदना है। मैं कांग्रेस वालों को कहूंगा कि 60 साल में जितनी सड़कें, हाई-वे इस देश में नहीं बने उतने हमने बना कर दिए।
गडकरी ने कंगना के लिए समर्थन मांगते हुए कहा कि कंगना राष्ट्रवादी है, राष्ट्र के लिए समर्पित है और हिमाचल की पुत्री है। हिमाचल के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। अतः आप इन्हें संसद भेजें, मंडी लोकसभा के विकास की गारंटी मैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देते हैं।