धर्मशाला।
प्रदेश कांग्रेस सरकार के हशारे पर राज्य कर एवं आबकारी विभाग की ओर से देर रात धर्मशाला के व्यापारियों पर की गई कार्रवाई पर भाजपा ने कांग्रेस सरकार को जमकर घेरा। भाजपा ने कहा कि चुनावों में अपनी हार को सामने देख मुख्यमंत्री बौखला गए हैं। इससे पहले भी भाजपा प्रत्याशी सुधीर शर्मा के घर की पुलिस बल से नाकाबंदी की गई। पुलिस की ओर से आम जनमानस को तंग किया जा रहा है। पुलिस द्वारा रात को जबरन लोगों की गड़ियों को रोक कर उनकी तलाशी ली जा रही है, उन्हें परेशान किया जा रहा है। भाजपा ने कहा कि मुख्यमंत्री के इन हथकंडों से जगजाहिर हो गया है कि कांग्रेस कितनी हताश और परेशान हो उठी है। हिटर की चाल चलने वाले मुख्यमंत्री अब चंद दिनों के मेहमान हैं। जनता भी कांग्रेस सरकार को सत्ता से हटाने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रही है।
प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता राकेश शर्मा ने राज्य कर एवं आबकारी विभाग की उक्त कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि राज्य कर एवं आबकारी विभाग के अधिकारी सुक्खू के कहने पर व्यापारियों के हाथों में नोटिस थमा रहे हैं। मुख्यमंत्री अगर यह सोच रहे हैं कि डराने धमकाने से वे अपनी जीत दर्ज कर लेंगे तो यह उनकी भूल है, क्योंकि जनता ने पहले ही कांगड़ा संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी राजीव भरद्वाज और धर्मशाला से भाजपा प्रत्याशी सुधीर शर्मा की जीत को सुनिश्चित कर दिया है।
चुनावों में सामने आया सुक्खू सरकार का दोहरा चरित्र
राकेश शर्मा ने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में भाजपा 400 का आंकड़ा पार कर केंद्र में अपनी सरकार बनाएगी साथ ही छह विधानसभा सीटों पर भी जीतकर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाएंगे। राकेश शर्मा ने कहा कि चुनावों में सुक्खू सरकार का दोहरा चरित्र सामने आया है।
राकेश शर्मा ने कहा कि सुक्खू प्रदेश के ऐसे पहले मुख्यमंत्री की छवि में सामने आए हैं जो अपने फायदे के लिए जनता का शोषण कर रहे हैं। साथ ही गुंडागर्दी भी दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा जनता सरकार विकास के लिए बनाती है, लोगों को डराने धमकाने के लिए नहीं। सुक्खू ने मुख्यमंत्री पद की गरीमा को भी ठेस पहुंचाई है। शर्मा ने कहा कि भाजपा लोकसभा की चारों तथा विधानसभा की 6 सीटों पर भारी बहुमतों से अपनी जीत दर्ज करेगी।