हिमालयन वैल्फेयर फाऊंडेशन की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की जयंती के अवसर पर कुमारसैन के राणा रामेश्वर सिंह खेल परिसर दरबार मैदान में 2 दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ वीरवार को किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्यातिथि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री रहे। वहीं लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस अवसर पर उनके साथ रामपुर के विधायक नंद लाल व स्थानीय विधायक कुलदीप सिंह राठौर भी विशेष रूप से मौजूद रहे। हिमालयन वैल्फेयर फाऊंडेशन के अध्यक्ष अतुल शर्मा ने कहा कि संस्था द्वारा पिछले 16 वर्षों से यहां पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसके तहत इस बार महिला रस्साकशी व लोकनृत्य प्रतियोगिता तथा रक्तदान शिविर व नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कार्यक्रम में आए मुख्यातिथि व अन्य अतिथियों को सम्मानित किया।
प्रदेश के लोगों के दिलों में बसते हैं वीरभद्र सिंह
वहीं उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सैंज में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह 6 दशक तक राजनीति में सक्रिय रहे और प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डाॅ. यशवंत सिंह परमार ने हिमाचल प्रदेश के गठन के लिए कार्य किया था और पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने आधुनिक हिमाचल का निर्माण किया था। वीरभद्र सिंह प्रदेश के लोगों के दिलों में बसते हैं। इस अवसर पर लोक निर्माण एवं युवा सेवाएं व खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि आज सैंज में स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रथम प्रतिमा का अनावरण किया गया है और आने वाले समय में प्रदेश के विभिन्न जगहों पर उनकी प्रतिमा स्थापित की जाएगी।