सिरमौर।
हिमाचल प्रदेश में चुनावी लहर को भाजपा के पक्ष में देखकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बौखलाहट में हैं। वे जिम्मेदार पद पर होने के बावजूद असंवेदनशील बयानबाजी कर रहे हैं, जो दर्शाता है कि वे अभी भी छात्र राजनीति की मानसिकता से ऊपर नहीं उठ पाए हैं। भारतीय जनता पार्टी लोकसभा सांसद एवं प्रत्याशी सुरेश कश्यप ने जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान कहा कि अपनी संभावित हार को भांपते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री ने बड़सर के विधायक पर निराधार आरोप लगाए हैं। अपनी जनसभाओं में बार-बार झूठी बातें करके जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे उनकी बौखलाहट स्पष्ट दिखाई दे रही है।
कश्यप ने कहा मुख्यमंत्री सुक्खू ने अपनी जनसभाओं में कहा बड़सर में 55 लाख रुपए बरामद हुए हैं। हम उनसे अनुरोध करते हैं कि वे इस दावे के समर्थन में सबूत पेश करें। यदि वास्तव में यह राशि बरामद हुई है, तो इसे प्रदेश की ट्रेजरी में जमा किया जाना चाहिए था। प्रशासन को इस मामले की कोई जानकारी नहीं है कि यह पैसा कहां और किससे मिला। सांसद कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री को यह आभास हो गया है कि आगामी लोकसभा और हिमाचल प्रदेश के उपचुनावों में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ेगा। इस कारण से कांग्रेस के नेता बौखलाहट में बयानबाजी कर रहे हैं और झूठे, निराधार आरोप लगा रहे हैं। कांग्रेस इस तरह के कृत्यों से केवल राजनीतिक वातावरण को दूषित करने और जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
सुधीर शर्मा के घर पर 200 से अधिक पुलिस जवानों का घेराव अतिनिंदनीय
कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री के द्वारा भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी सुधीर शर्मा के घर पर 200 से अधिक पुलिस जवानों का घेराव अतिनिंदनीय है। सरकार गुंडागर्दी पर उतर आई है, मुख्यमंत्री निचले स्तर की राजनीति कर रहे हैं और व्यक्तिगत प्रतिशोध की राजनीति में लगे हुए हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं की दुकानों पर छापेमारी भी इस बात का प्रमाण है।