कांगड़ा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आर. मियूल शर्मा ने जानकारी दी है कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों को सुलझाने के लिए 21, 22 और 23 अगस्त, 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। “समाधान समारोह 2026” अभियान के तहत अप्रैल माह से ही पात्र मामलों की पहचान और मध्यस्थता की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस पहल के माध्यम से पक्षकार आपसी सहमति, संवाद और सुलह के आधार पर अपने कानूनी विवादों का शीघ्र समाधान कर सकते हैं। इच्छुक पक्षकार इन बैठकों में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर या वर्चुअल माध्यम (ऑनलाइन) से भी जुड़ सकते हैं। राज्य और जिला स्तर पर नामित नोडल अधिकारी इस प्रक्रिया में सहायता प्रदान कर रहे हैं ताकि न्याय प्रक्रिया को सुलभ और त्वरित बनाया जा सके।
















