धर्मशाला।
हिमाचल में मंगलवार को आए लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव के नतीजे फिफ्टी-फिफ्टी रहे। जहां उपचुनाव में छह में से चार सीटें जीतकर कांग्रेस आगे रही, वहीं लोकसभा में सभी चार सीटें जीतकर भाजपा ने क्लीन स्वीप किया। उपचुनाव में कांग्रेस की चार सीटों पर जीत के साथ ही सुक्खू सरकार पर आया तथाकथित संकट भी अब टल गया है। कांग्रेस के छह बागियों में से धर्मशाला से सुधीर शर्मा और बड़सर से आईडी लखनपाल ही इस उपचुनाव में सफल रहे, अन्य चार को हार का मुंह देखना पड़ा।
इस उपचुनाव में भाजपा को महज दो सीटों का फायदा हुआ है और सदन में पार्टी के सदस्यों की संख्या बढक़र 27 हो गई है, जबकि चार सीटें जीतने के बाद कांग्रेस के सदस्यों की संख्या 38 हो गई है। राज्य सरकार बहुमत के आंकड़े से बहुत ज्यादा आगे बढ़ गई है। मंगलवार को घोषित नतीजों में धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी सुधीर शर्मा ने 28 हजार 66 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के देवेंद्र सिंह जग्गी को हरा दिया। देवेंद्र जग्गी को 22,540 मत प्राप्त हुए।
वहीं लाहुल-स्पीति विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की प्रत्याशी अनुराधा ने 9 हजार 414 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय डा. राम लाल मारकंडा को हराया। रामलाल मारकंडा को 7454 मत प्राप्त हुए। भाजपा इस सीट पर तीसरे नंबर पर रही। सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी कैप्टन रणजीत सिंह राणा ने 29,529 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के राजेंद्र सिंह राणा को हराया। राजेंद्र राणा को 27089 मत प्राप्त हुए।