बैजनाथ, 21 मई: आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में उपमंडलाधिकारी एवं रिटर्निंग ऑफिसर (आर.ओ.) संकल्प गौतम ने आज तहसील मूल्थान के अंतर्गत छोटा भंगाल घाटी के विभिन्न पोलिंग स्टेशनों का तूफानी दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मूल्थान, कोठी कोहड़, बड़ा ग्रां और धर्माण पंचायतों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और वहां रैंप, पीने के पानी, बिजली तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को समय रहते दुरुस्त करने के कड़े निर्देश जारी किए।
चुनावी व्यवस्थाओं को परखने के साथ ही एसडीएम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोठी कोहड़ का औचक निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी रजिस्टर सहित अन्य रिकॉर्ड खंगाले और स्वास्थ्य कर्मियों को आम जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा एसडीएम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक और प्राथमिक विद्यालय मूल्थान, बड़ा ग्रां तथा दयोट स्कूल का भी दौरा किया। उन्होंने स्कूलों में शिक्षा के स्तर, बच्चों की उपस्थिति, साफ-सफाई और मिड-डे मील की गुणवत्ता को परखा और शिक्षकों को शिक्षा की गुणवत्ता से कोई समझौता न करने की हिदायत दी।