आनी, 21 मई 2026: नशा तस्करों के खिलाफ चलाए गए अभियान में कुल्लू जिला की आनी थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने निगाण चौक पर नाकाबंदी के दौरान एक कार से भारी मात्रा में चरस बरामद कर हरियाणा के एक व्यक्ति और एक महिला को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आनी पुलिस की टीम आज निगाण चौक पर मौजूद थी और आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रही हरियाणा नंबर की एक गाड़ी (HR31V-1424) को जांच के लिए रोका गया। जब पुलिस टीम ने गाड़ी की सघन तलाशी ली, तो उसमें सवार हरियाणा निवासी एक पुरुष और एक महिला के कब्जे से कुल 7.00 किलोग्राम चरस (कैनाबिस) बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चरस की इस बड़ी खेप को कब्जे में ले लिया और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने इस संदर्भ में दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की धारा 20 और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नशे के इस अवैध कारोबार के मुख्य स्रोत, सप्लाई चेन और बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाने के लिए दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। मामले में पुलिस की जांच लगातार जारी है।



















