शहीद सूबेदार बलदेव कुमार शर्मा की 10वीं पुण्यतिथि पर बिलासपुर के चंगर सेक्टर स्थित शहीद स्मारक पर एक विशेष श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस भावुक क्षण पर उपायुक्त राहुल कुमार ने शहीद को पुष्पचक्र अर्पित कर नमन किया और उनकी धर्मपत्नी वीर नारी अरुणा देवी सहित पूरे परिवार को स्मृति चिन्ह, शॉल व तिरंगा बैज भेंट कर सम्मानित किया। हिमाचल प्रदेश वेटरन सैनिक कल्याण एवं विकास समिति और एक्स सर्विसमैन सैनिक लीग बिलासपुर द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने शहीद की स्मृति में दो मिनट का मौन भी रखा। बिलासपुर के निघ्यार गांव के रहने वाले वीर सूबेदार बलदेव कुमार शर्मा 22 मई 2016 को मणिपुर के चंदेल जिले में उग्रवादियों के एक घात लगाकर किए गए हमले में मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देकर वीरगति को प्राप्त हुए थे।




















