शिमला, 21 मई, 2026 — मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर छोटा शिमला के सद्भावना चौक में आयोजित आतंकवाद विरोधी दिवस कार्यक्रम में उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश से आतंकवाद को खत्म करने की लड़ाई में कांग्रेस पार्टी ने अपने दो महान प्रधानमंत्रियों, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी को खोया है। राजीव गांधी के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने ही भारत में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्रांति की शुरुआत की और पंचायतीराज संस्थाओं व स्थानीय निकायों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया। इस अवसर पर शिमला के मेयर सुरेंद्र चौहान, डिप्टी मेयर उमा कौशल, नरदेव कंवर, देवेंद्र श्याम, विशाल चंबियाल सहित कई पार्षद और गणमान्य लोग मौजूद रहे।



















