कांगड़ा जिला के नगरोटा बगवां में शुक्रवार को आयोजित पन्ना प्रमुख सम्मेलन में विशेष रूप से उपस्थित प्रदेश भाजपा के प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कहा कि प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर भाजपा उम्मीदवार भारी मतों से विजयी होंगे तथा केंद्र में एक बार फिर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनेगी । उन्होंने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के सभी कार्यकर्ता तथा पन्ना प्रमुख अपने अपने कार्य क्षेत्र में जाकर मोदी सरकार की जनहित में चलाई जा रही योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने नगरोटा बगवां मंडल भाजपा द्वारा आयोजित सफल सम्मेलन के लिए बधाई दी। सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर, नगरोटा के पूर्व विधायक अरुण कुमार कुका, मंडल अध्यक्ष सोनू चौधरी ने प्रदेश कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला किया तथा प्रदेश सरकार को हर मोर्चे पर असफल करार दिया। इस अवसर पर कांगड़ा -चंबा संसदीय क्षेत्र के संयोजक चंद्रभूषण नाग, प्रदेश ओ बी सी मोर्चा अध्यक्ष विनय चौधरी, जिला अध्यक्ष सचिन शर्मा आदि उपस्थित थे।