सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। इनर अखाड़ा: वार्ड नंबर-2 के इनर अखाड़ा बाजार में मंगलवार को एक पिटबुल कुत्ते के अचानक हमले से अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान एक स्थानीय युवक हैरी सूद अपने पोमेरेनियन कुत्ते के साथ सड़क पर टहल रहे थे, तभी खुले पिटबुल ने अचानक हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि पोमेरेनियन कुत्ता गंभीर रूप से घायल हो गया और कुछ ही समय बाद उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिटबुल ने छोटे कुत्ते को मुंह में दबोचकर बाजार की ओर खींचा और दुकानों के पास जाकर ही छोड़ा। इस हमले ने स्थानीय लोगों में चिंता और गुस्सा दोनों पैदा कर दिया।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/research-internship-on-dharamshalas-cultural-spiritual-heritage-launched/
नागरिकों का कहना है कि खुले में ऐसे खतरनाक नस्ल के कुत्तों को छोड़ना आम जनता के लिए बड़ा खतरा है और भविष्य में किसी व्यक्ति पर भी हमला हो सकता है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि आक्रामक कुत्तों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और उन्हें रिहायशी इलाकों से हटाया जाए। पुलिस ने इस मामले की जानकारी ली है और पीड़ित ने दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कुल्लू से प्रिया शर्मा की रिपोर्ट।





















