सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष और पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आर.एस. बाली ने नगरोटा के महाराणा प्रताप इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन साहस, कर्तव्य निष्ठा और दयालुता की मिसाल है, और बच्चों के जीवन में शिक्षा का महत्व अतुलनीय है। बाली ने स्कूल के प्रशासन, अध्यापकों और अभिभावकों को वार्षिक समारोह की बधाई दी और बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की।उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण और समावेशी शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए 850 संस्थानों को उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित कर रही है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल बच्चों के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाएंगे, और सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई का वायदा पूरा किया जा रहा है। नगरोटा विधानसभा क्षेत्र में भी अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित डे बोर्डिंग स्कूल का निर्माण प्रगति पर है।
बाली ने बच्चों को हमेशा नया सीखने और नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने स्कूल के मैदान के निर्माण के लिए 15 लाख रुपए, निजी खाते से 5 लाख रुपए स्कूल विकास के लिए और 50 हजार रुपए बच्चों के लिए देने की घोषणा की। समारोह में बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए और प्रतियोगिताओं में विजेताओं को पुरस्कार दिए गए। इस अवसर पर एसडीएम मुनीश शर्मा, प्रबंधक कुलदीप सिंह, प्रधानाचार्या ऐश्वर्या समयाल, के.एस. चंबयाल, टेक चंद, सुभाष पठानिया, अन्य गणमान्य, शिक्षक, अभिभावक और छात्र उपस्थित रहे।




















