Shimla : जिला के कोटगढ़ इलाके में मलबे में दबने से दम्पति और बच्चे की मौत हो गई और दो घायल हुए हैं। मिली जानकारी के अनुसार ठियोग-कुमारसैन विधानसभा क्षेत्र की उप तहसील कोटगढ़ की ग्राम पंचायत मधावनी के पनेवली गांव में तेज बारिश से हुए भूस्खलन के चलते यह हादसा हुआ। इस आपदा ने एक ही परिवार के तीन लोगों की जिंदगी लील ली है।
बताया जा रहा है कि शनिवार रात को मकान भूस्खलन की चपेट में आ गया। घर में एक परिवार के 5 लोग सो रहे थे। इसमें अनिल (32) पुत्र जयचंद, किरण (31) पत्नी अनिल और स्वप्निल (11) पुत्र अनिल की मलबे में दबने के कारण मौत हो गई है। तीनों के शवों को निकाल दिया गया है। परिवार के अन्य सदस्यों जयचंद और उनकी पत्नी बीना देवी को हल्की चोटें आई है। हादसे में वे बाल-बाल बच गए। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों, रिश्तेदारों को सौंप दिया गया है।
सूचना मिलने के बाद स्थानीय विधायक व कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप राठौर मौके पर पहुंचे। उनके साथ एसडीएम कुमारसैन व अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने एच्छिक निधि से प्रभावित परिवार को 50 हजार रुपए जारी किए। वहीं राज्य सरकार की ओर से 1 लाख रुपए राहत राशि जारी की गई है। इसके अलावा तरपाल, राशन सहित अन्य सामान भी प्रभावित परिवार को मुहैया करवाया गया।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने इस घटना में तीन लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को प्रभावित परिवार को तत्काल राहत उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं।