सिद्धिविनायक टाइम्स शिमला। हिमाचल प्रदेश में आरजीडी ग्रांट को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नाचन विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद कुमार ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार इस मुद्दे पर जनता को भ्रमित कर रही है। कुल्लू जिला मुख्यालय ढालपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आरजीडी ग्रांट से संबंधित लिए गए निर्णय को लेकर प्रदेश सरकार लगातार भ्रामक तथ्य पेश कर रही है, जिससे आम लोगों के बीच गलत संदेश जा रहा है।
यह भी पढ़ें:https://sidhivinayaktimes.com/youth-at-pgimer-hithours-milestone/
विनोद कुमार ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस की ही सरकार होने के बावजूद वहां की राज्य सरकार ने केंद्र सरकार के निर्णय का स्वागत किया है, जबकि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस इसका राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है। उन्होंने राज्य की मौजूदा वित्तीय स्थिति पर भी चिंता जताई और इसके लिए प्रदेश सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि बढ़ते राजकोषीय घाटे और आर्थिक दबावों से ध्यान हटाने के लिए कांग्रेस केंद्र सरकार पर आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सही फैसले नहीं लिए गए तो प्रदेश की आर्थिक स्थिति और अधिक कमजोर हो सकती है।





















