वन विभाग ने वन मित्र भर्ती को लेकर तमाम औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। प्रदेश में 2061 पदों पर होने वाली इस भर्ती में सबसे ज्यादा अवसर शिमला के हिस्से आए हैं। यहां 240 पद वन विभाग में बीट आधार पर भरे जाएंगे, जबकि शिमला वाइल्ड लाइफ (साउथ) के लिए 77 अतिरिक्त पद आरिक्षत हैं और इनका कुल जोड़ 314 बन रहा है। 309 पदों के साथ मंडी दूसरे स्थान पर है।
धर्मशाला में 239 पदों को भरा जाएगा। इनमें से 209 पद धर्मशाला वन बीट के अधीन भरे जाने हैं, जबकि 30 पद वाइल्ड लाइफ (नॉर्थ) में भरे जाएंगे। इसके अलावा नाहन में 216, चंबा में 198, हमीरपुर में 194, रामपुर में 164, कुल्लू में 140, सोलन में 108 और जीएचएनपी शमशी में 52 पद भरे जाएंगे। दरअसल, वन विभाग ने इस भर्ती प्रक्रिया को वन बीट के आधार पर आयोजित करने का फैसला किया है और एक वन बीट पर एक वन मित्र की तैनाती की जाएगी। इस क्रम में बड़े जिलों को फायदा मिला है। वन विभाग भर्ती को कैबिनेट और उसके बाद मुख्यमंत्री कार्यालय से अंतिम मंजूरी मिल गई है। अब वन विभाग को वन मित्र भर्ती की अंतिम तारीख तय करनी है।
गौरतलब है कि वन मित्र के तौर पर भर्ती होने वाले कर्मचारियों को छह घंटे अनिवार्य रूप से ड्यूटी देनी होगी और इसके एवज में उन्हें दस हजार रुपए मासिक भुगतान किया जाएगा। साथ ही वन विभाग ने यह भी साफ कर दिया है कि एक बार बतौर वन मित्र भर्ती होने वाले कर्मचारी खुद को वन विभाग में पक्का करने के लिए किसी भी तरह का संघर्ष नहीं कर पाएंगे। वन मित्र एक महीने की ड्यूटी के बाद एक दिन के आवकाश के हकदार होंगे। यह अवकाश उन्हें साप्ताहिक अवकाश के अतिरिक्त मिलेगा।