ज्वालामुखी।
विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ ज्वाला देवी मंदिर में आषाढ़ मास शुक्ल प्रतिपदा से गुप्त नवरात्र का शुभारंभ विधायक संजय रत्न ने पुजारियों को संकल्प देकर परंपरा को निभा कर किया।
नौ दिनों तक चलने वाले इस महा अनुष्ठान को परंपरा अनुसार मंदिर के पुजारियों द्वारा विश्व कल्याण और विश्व शांति के लिए किया जाता है। इन नौ दिनों में दुर्गा सप्तशती पाठ, गणपति, बटुक भैरव, गायत्री, मां ज्वाला मूलमंत्र का जाप किया जाएगा। इसके अलावा देवी भागवत कथा का भी शैय्या भवन में आयोजन किया जाएगा। आषाढ़ मास के गुप्त नवरात्रों में किए गए पूजन हवन यज्ञ का अन्य दिनों की अपेक्षा कई गुना फल अधिक प्राप्त होता है, इसलिए श्रद्धालु बड़ी श्रद्धा के साथ इन दिनों में मां की पूजा अर्चना करके अपनी मनोकामना पूर्ण करते हैं। श्रद्धालु इन दिनों में 9 दिनों तक व्रत रखते हैं और ऋतु फल का ही भोग मां ज्वाला को अर्पण करते हैं। मां ज्वाला के मुख्य मंदिर में पांच आरतियां होती हैं। गुप्त नवरात्रों में इन पांच आरतियों में अलग-अलग भोग मां ज्वाला को लगाए जाते हैं।
गुप्त नवरात्र में मंदिर को रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। मंदिर में 100 क्विंटल फूलों की सजावट की गई है। गुप्त नवरात्रि का आयोजन मंदिर प्रशासन की ओर से बड़े धूमधाम से किया जा रहा है।