धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) ने हिमाचल प्रदेश स्टेट ओपन स्कूल (HPSOS) के अंतर्गत सितंबर 2026 सत्र में आयोजित होने वाली आठवीं, दसवीं और बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और प्रवेश आवेदन फॉर्म जमा करने की तिथियों में संशोधन किया है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि परीक्षार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए बिना किसी विलंब शुल्क (लेट फीस) के ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि अब 28 मई 2026 तय की गई है। इस तय समयसीमा के बाद छात्र 1,000 रुपये लेट फीस के साथ 29 मई 2026 से 24 जून 2026 तक आवेदन कर सकेंगे, जबकि इसके बाद भी छूट जाने वाले छात्रों को 2,000 रुपये विलंब शुल्क के साथ 25 जून 2026 से 13 जुलाई 2026 तक आवेदन करने का आखिरी मौका मिलेगा।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि यह संशोधित कार्यक्रम मुख्य रूप से फ्रेश एडमिशन, टीओसी/री-एडमिशन, अतिरिक्त विषय और विशेष अंक सुधार परीक्षा (SMIE) श्रेणियों के छात्रों पर लागू होगा। वहीं दूसरी ओर, री-अपीयर और सुधार परीक्षा से संबंधित कार्यक्रम मार्च 2026 एचपीएसओएस परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद एक अलग अधिसूचना के माध्यम से जारी किया जाएगा। बोर्ड अध्यक्ष ने प्रदेशभर के सभी एचपीएसओएस अध्ययन केंद्रों के समन्वयकों और सहायक समन्वयकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org पर उपलब्ध नवीनतम प्रॉस्पेक्टस और संशोधित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी है कि नियमों की अवहेलना को बोर्ड विनियमों का उल्लंघन माना जाएगा और संबंधित केंद्र के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।





















