हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ चलाई गई मुहिम में एसटीएफ कुल्लू की टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने बिलासपुर में देर रात नाकाबंदी के दौरान एक कार सवार युवक को 5.73 ग्राम चिट्टे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
एसटीएफ कुल्लू के डीएसपी हेमराज वर्मा ने बताया कि बीती रात करीब ढाई बजे टीम ने बिलासपुर में विशेष नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान चेकिंग के लिए रोकी गई एक कार (HP 01AK-1352) से यह नशा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपी की पहचान 35 वर्षीय संदीप कुमार, पुत्र नंद लाल, निवासी गांव कलैहली, डाकघर बजौरा, जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
पुलिस ने कार और चिट्टे को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ बिलासपुर थाना में मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी हेमराज वर्मा ने युवाओं और आम जनता से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी जानकारी को तुरंत 112 या नजदीकी पुलिस थाने में साझा करें, और सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।




















