मंडी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सराज के शंकरदेहरा और जरोल में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री स्थानीय निकाय चुनाव में जीत के झूठे आंकड़ों से जनता को गुमराह कर रहे हैं ताकि आगामी पंचायत चुनावों में कांग्रेस को नुकसान से बचाया जा सके। ठाकुर ने कहा कि गारंटियों और योजनाओं पर झूठ बोलने के बाद अब मुख्यमंत्री चुनाव परिणामों को लेकर भी भ्रम फैला रहे हैं, जबकि स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत से इस सरकार की विदाई तय हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि शहरी क्षेत्रों के बाद अब हिमाचल की ग्रामीण जनता भी कांग्रेस की चुनावी गारंटियों के पूरा न होने के कारण खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है और चुनावों में सरकार को कड़ा सबक सिखाने के लिए पूरी तरह तैयार है। बैठक के दौरान नेता प्रतिपक्ष ने संगठन की मजबूती और प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को आवश्यक रणनीति संबंधी दिशा-निर्देश भी जारी किए।





















